डेलही स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में यातायात जागरूकता शिविर, छात्रों को बताए गए यातायात नियमों की महत्व
बस्ती 14 , नवंबर : फ्यूचर न्यूज :- यातायात माह के तहत शनिवार को डेल्ही स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत तथा क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यशाला में यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
कार्यशाला में बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य है। वहीं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल की लाल, पीली और हरी बत्तियों के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग का महत्व, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सड़क दुर्घटना के घायलों की मदद करने पर विशेष जोर दिया गया। यातायात प्रभारी ने गुड सेमेरिटन (नेक आदमी) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के भीतर अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है। घायलों की मदद करने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।
अंत में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट , बस्ती ब्यूरो
