बस्ती ,7 अप्रैल : फ्यूचर न्यूज :- स्कूली बच्चों का सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के द्वारा स्कूली वाहनों की जांच का एक विशेष चैकिंग अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाया जा रहा है। इस अभियान की समीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल UPISVMP निर्मित गया है तथा सभी स्कूलों को इस पोर्टल पर ऑनबोर्ड किए जाने के उपरांत उनका निरीक्षण भी किया जा रहा है। इसी क्रम में आज अधोहस्ताक्षरी के द्वारा बस्ती नगरीय क्षेत्र स्थित यूनिक साइंस अकादमी तथा उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी का भ्रमण किया गया तथा स्कूल वाहनों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूली वाहनों में सुरक्षा उपकरणों लगे होने की जांच भी की गई। सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास द्वार, स्कूल का नाम, परिवहन विभाग का हेल्पलाइन नंबर, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप आदि सुरक्षा उपकरणों का होना अनिवार्य है। जिन वाहनों में उपरोक्त कमियां पाई गई, उनके सुधार के लिए स्कूल प्रबंधन को अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त स्कूल वाहन चालकों के साथ वार्ता भी की गई तथा उन्हें सावधानी से वाहन चलाने तथा बच्चों को घर से लेकर वापस सुरक्षित पहुंचाने के संबंध में जागरूक भी किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री महेश कुमार, वरिष्ठ सहायक भी उपलब्ध रहे।
समस्त स्कूली वाहन संचालकों से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने सभी स्कूली वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड करा लें, तथा यदि सुरक्षा उपायों में कोई कमी हो, तो उसे तत्काल पूर्ण करा लें ताकि निरीक्षण के समय कोई समस्या उत्पन्न ना हो।
रिपोर्ट ,बस्ती ब्यूरो : फ़्यूचर न्यूज़
