सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अगले दिन परिवहन विभाग के अधिकारियों ने वाहनों की सघन चेकिंग कर की कार्यवाही

सड़क सुरक्षा -जीवन रक्षा

मंडल बस्ती , 21 नवंबर : फ्यूचर न्यूज :- संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं घायलों की संख्या में प्रभावी कमी लाए जाने के उद्देश्य से दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के अनुपालन में मंडल के तीनों जनपद बस्ती एवं सिद्धार्थनगर , तथा संतकबीरनगर में परिवहन विभाग द्वारा निरंतर प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के क्रम में जनपद सिद्धार्थ नगर के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों तथा दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम, 1988 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के दौरान सिद्धार्थनगर में 20 से अधिक स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया,अधिकारियों ने वाहनों में सुरक्षा मानकों,आवश्यक दस्तावेजों और बच्चों की सुरक्षित यात्रा से जुड़े इंतजामो की जांच की।
इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्यवाही की गई। ओवरस्पीडिंग मोडिफाइड सैलेंसर, रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप न लगे होने, ओवर लोडिंग सहित अन्य अभियोगों में कुल 42 वाहनों का चालान किया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन को निरुद्ध कर दिया गया।
अभियान का उद्येश्य सड़क दुर्घटनाओ पर अंकुश लगाने के साथ ही सुरक्षित यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

अधिकारियों द्वारा आम जनमानस एवं विशेषकर युवाओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में ओवर स्पीडिंग, रैश ड्राइविंग, स्टंट ड्राइविंग एवं डेंजरस ड्राइविंग शामिल हैं। वाहन को निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पर चलाना, यातायात नियमों की अनदेखी करना तथा सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना स्वयं वाहन चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन को भी खतरे में डालता है।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन द्वारा आम जनमानस से अपील की गई है कि सड़क सुरक्षा को केवल सरकारी अभियान न समझकर इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सड़क पर प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अमूल्य है। अतः यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

रिपोर्ट , बस्ती ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!