बस्ती 13 फरवरी- फ्यूचर न्यूज़
विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर बस्ती जनपद में स्थित किसान रेडियो 90.4 एफएम द्वारा श्रोताओं के साथ धूमधाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेडियो से जुड़े श्रोता, स्थानीय किसान, युवा, महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत रेडियो के महत्व और समाज में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने कहा कि रेडियो आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का सशक्त माध्यम है। किसान रेडियो 90.4 एफएम समुदाय की आवाज़ बनकर कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को निरंतर प्रसारित कर रहा है।
विश्व रेडियो दिवस के उपलक्ष्य में श्रोताओं के अनुभव साझा किए गए, श्रोता दीपिका पाण्डेय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मै किसान रेडियो से वर्षों से जुडी हुई हूँ इस रेडियो से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला साथ ही आशा चौरसिया जी ने बताया कि मै जब फ्री होती हूँ किसान रेडियो जरुर सुनती हूँ क्योंकि यहाँ से हमें लोक गीत के साथ साथ सरकार द्वारा चलायी जा रही तमाम योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त होती है| विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर श्रोताओं द्वारा गीत भी गुनगुनाया गया तथा रेडियो कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गयी एवं कार्यक्रम से जुड़े सक्रिय श्रोताओं को सम्मानित भी किया गया। श्रोताओं ने किसान रेडियो के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
रेडियो स्टेशन डायरेक्टर अतुल शुक्ला जी ने सभी श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी किसान रेडियो 90.4 एफएम जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा और समुदाय की भागीदारी को और मजबूत करेगा। रेडियो की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शीलम शुक्ला ने आये हुए सभी श्रोताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया| इस अवसर पर रेडियो के प्रबंधक शुभम श्रीवास्तव, RJ जया दूबे, RJ श्वेता, RJ प्रिया, लेखाकार सच्चिदानंद श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी अखिल पाण्डेय, कंप्यूटर ऑपरेटर गणेश आदि लोग मौजूद रहे|
